पैरवी में पहुंचा शख्स सुरक्षा गार्डों से भिड़ा
हंगामा करने पर शांतिभंग में जेल भेजा गया
तहसील में मुकदमा देखने आए थे आनंदराम
अमर उजाला ब्यूरो
हर्रैया। तहसील में एक मुकदमे की पैरवी करने पहुंचे शख्स ने हंगामा खड़ा कर दिया। एसडीएम की सुरक्षा में लगे होमगार्ड जवानों ने रास्ते में खड़ी बाइक हटाने को कह दिया था जो उसे नागवार गुजरी। अभद्र शब्दों के प्रयोग के साथ उसने हंगामा शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष ने शांतिभंग करने के आरोप में जेल भेज दिया।
बृहस्पतिवार को गौर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर शिवपुर गांव का 48 वर्षीय आनंद राम शुक्ला जमीन संबंधी मुकदमे की पैरवी में तहसील आया था। दोपहर करीब दो बजे भोजन अवकाश के लिए एसडीएम के निकलते वक्त होमगार्डों ने रास्ते में खड़ी बाइक हटाने के लिए कहा तो सुरक्षा कर्मियों से उलझ गया। इसी बीच अपने कार्यालय से निकल कर बरामदे में पहुंचे एसडीएम को देखते ही उग्र होकर तेज आवाज में सुरक्षा कर्मियों को बुरा भला कहते हुए हंगामा करने लगा। मौके पर तहसील परिसर में भीड़ जुट गई। एसडीएम की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष कपिल मुनि सिंह उसे हिरासत में लेकर थाने ले गए। देर शाम पुलिस ने आनंद राम को शांतिभंग करने के आरोप में जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष के मुताबिक हंगामा कर रहे व्यक्ति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
तहसील की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
तहसील परिसर में एसडीएम की सुरक्षा में लगे होमगार्ड जवानों के साथ अभद्रता के बाद तहसील कर्मियों ने आपात बैठक कर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कानूनगो महबूब आलम ने कहा कि जिस तरह सिरफिरे ने हंगामा खड़ा किया वह अप्रत्याशित था। लेखपाल संघ के अध्यक्ष राम ललित ने तहसील परिसर की सुरक्षा के लिए पुलिस बल लगाने की मांग की है।