चोरी की बाइक और तमंचे के साथ तीन गिरफ्तार
वाहन चेकिंग में गौर पुलिस को मिली कामयाबी
गौर-बभनान मार्ग के नवीन सब्जी मंडी के पास पकड़े गए
अमर उजाला ब्यूरो
गौर। वाहन चेकिंग के दौरान गौर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। शुक्रवार को दोपहर में नवीन सब्जी मंडी बभनान के पास वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की दो बाइक के साथ तीन युवक पकड़े गए हैं। तलाशी के दौरान तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक गौर संजय नाथ तिवारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र भ्रमण एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चौकी प्रभारी बभनान जय प्रकाश पांडेय, उप निरीक्षक जगन्नाथ यादव, जय प्रकाश चौबे, हेड कांस्टेबल अनवर अली, कांस्टेबल धनंजय दूबे आदि ने गौर बभनान-मार्ग पर नवीन सब्जी मंडी के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ले रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की दो बाइक के साथ तीन युवक आ रहे हैं। जांच कर रही पुलिस अलर्ट हो गई और जैसे ही बाइक लेकर युवक दिखाई दिए कि उन्हें रोक लिया गया। तलाशी के दौरान एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में तीनों युवकों ने चोरी की बाइक होने की बात कबूल की है। पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान गौर थाना के ग्राम सभा बढ़या निवासी संदीप कुमार सिंह एवं इसी गांव के सुधांशु सिंह व कप्तानगंज थाना के ग्राम मस्जिदिया निवासी शुभम तिवारी के रूप में हुई है। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।