बस्ती/महराजगंज। बेटी की ससुराल में रात रुके पिता के ऊपर ईंट का चट्टा गिर गया, जिसके नीचे दबकर 70 वर्षीय पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कलवारी थाना क्षेत्र के केंवचा निवासी रामकुमार (70) ने अपनी बेटी की शादी नगर थानाक्षेत्र के बढ़नी में किया है। मंगलवार को अपनी बेटी के यहां बढ़नी हालचाल लेने आए तो रात में रुक गए। परिवार वालों का कहना है कि देर रात वह लघुशंका के लिए उठ कर घर के बाहर गए। उनके निवृत्त होने के दौरान बगल में लगा ईंट का चट्टा अचानक भरभरा कर ढह गया। रामकुमार संभल नहीं पाए और ईंटों के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर परिवार व गांव के लोग दौड़े।
गंभीर रूप से घायल रामकुमार को पहले एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। मगर चिकित्सक ने जिला अस्पताल ले जाने को कहा। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रामकुमार की मौत हो गई।