क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार रात शहर से सटे पटेल चौराहा से हाइवे पर ट्रकों को पंचर कर लूट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके पास से कट्टा, कारतूस पांच कुल्हाड़ी, चाकू व 35 सौ रुपये नकद बरामद किया गया। कोतवाली पुलिस ने जान लेवा हमला सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम प्रभारी सर्वेश राय शुक्रवार रात मय दलबल रात में गश्त पर निकले थे। टीम डिडौहा गांव के निकट पटेल चौराहे पर पहुंची तो उसे कुछ संदिग्ध दिखाई दिए। टीम ने जब पूछताछ शुरू की तो वह बौखला गए और पुलिस टीम पर हमला बोलते हुए फायरिंग की। टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फैजाबाद जिले के थाना खंडासा ग्राम वीरेपुर निवासी जोखू पासी, किन्होपुर गांव निवासी अरविंद कुमार पासी, मंझनपुर गांव निवासी सुरेश उर्फ घुरा पासी, अमनगंज निवासी इरफान को धर दबोचा।
लुटेरों ने 30 मई को नगर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गाव के निकट ट्रक चालक को बंधक बनाकर की गई 18 हजार रुपये लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस की पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि गिरोह का सरगना जोखू है। यह गैंग हाइवे पर स्थान बदल लूट की घटना को अंजाम देता है। सुनसान स्थान पर कुल्हाड़ी से ट्रक पंचर कर दिया जाता है इसके बाद चालक को बंधक बनाकर गाड़ी में मौजूद रुपये लूट लिए जाते हैं। लुटेरों ने त्रिलोकपुर के अलावा बाराबंकी जनपद के थाना रामसनेही घाट के भिटरिया बाजार के पास भूसी लदी ट्रक को, सफदरगंज के पास चार ट्रकों को लूटने, पटरंगा फैजाबाद के निकट, लखनऊ सीतापुर मार्ग के टोल के निकट, असंदरा के पास हुई लूट व जरवल रोड पर ट्रक लूट कांड में शामिल होने की बात स्वीकारी है।