भानपुर (बस्ती)। खम्हरिया पश्चिम गांव में गोकशी पकड़ी जाने के बाद सोमवार को तनावपूर्ण शांति है। गांव में कई थानों की पुलिस लगाई गई है। पुरुष वर्ग गांव छोड़कर रिश्तेदारों के यहां है। हर चौराहे व गलियों के मोड़ पर पुलिस की तैनाती से घर में कैद महिलाएं व बीमारों को दिक्कतें हो रहीं। सबसे ज्यादा मवेशियों के चारे की परेशानी बढ़ गई है।
रविवार को गोकशी के बाद पहुंचे हियुवा कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात बन गए हैं। अमर उजाला टीम सोमवार को गांव पहुंची तो दोनों मुख्य मार्गों से लेकर मोड़ तक पुलिस मुस्तैद दिखी। गांव में तौफीक अहमद, निजामुद्दीन, नवी मोहम्मद, निजाम अहमद के घरों में ताले लटके हैं। बंद दरवाजों के भीतर से कमरे में बंधी बकरियों और अन्य मवेशियों के रंभाने से ही सन्नाटा टूटता है। कार्रवाई के भए से लोग गांव नहीं आ रहे हैं। गांव के बाहर निकलने वाले रास्ते के पास घारी में बंधी भैंस के रंभाने की आवाज पर एक पुलिस कर्मी उसकी नाद में चारा डालते हुए दिखे। बताया कि जानवरों का कोई कसूर नहीं हैं उसे सजा क्यों मिलें। इस समय वह गांव की हिफाजत के लिए लगाए गए हैं। यही मानवीयता हैं। आगे कुछ घरों में बुजुर्ग व बीमार महिलाएं ही दरवाजे के बाहर लगे ताले के भीतर बंद मिलीं। गांव में सिर्फ हरिजन पुरवा और पूरब टोले के घरों में ही चहल पहल दिखी। वहां लोगों ने बताया कि घटना के बाद से ही दूसरे समुदाय के सभी पुरुष और युवा गांव छोड़कर कहीं चले गए हैं। लोगों का कहना था कि दो दिन से गांव की मस्जिद में न तो अजान हुआ है न ही किसी ने नमाज अदा की है। कहा कि गांव में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हैं।
निर्दोष डरे नहीं, गांव आ जाएं: एसडीएम
गांव की हालात पर एसडीएम एससी शर्मा ने कहा कि घटना में जो दोषी होंगे उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जो लोग दोषी नहीं हैं उन्हें किसी भी तरह से परेशान होने अथवा डरने की जरूरत नही हैं। जो लोग गांव छोड़कर चले गए हैं वे तुरंत वापस आ जाएं और पुलिस की जांच में सहयोग करें। अन्यथा की दशा में वे खुद ही दोषी मान लिए जाएंगे।
दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल
रविवार को घटना के बाद सात लोगों को नामजद किया गया था। थानाध्यक्ष सोनहा ओपी यादव ने बताया कि मामले में आरोपित सात में से दो मोहम्मद मुस्तकीम व मोहम्मद वकील को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव की शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस पैट्रोलिंग कर रही है। सोनहा थाना सहित रूधौली व असनहरा चौकी पुलिस को दिन निगरानी के लिए लगाया गया है। जबकि लालगंज व मुंडेरवा थाने को रात्रि निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। कहा कि जो निर्दोष हैं उन पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होगी।