बस्ती। महिला उत्पीड़न के तमाम मामले अक्सर सामने आते हैं। कभी कोई महिला किसी को झांसा देकर लूटे यह कम सुनाई पड़ता है, मगर यहां एक ऐसा मामला प्रकाश में आया है जिसमें महिला ने खुद को विधवा बता कर रिटायर इंजीनियर को शादी का झांसा दिया और चूना लगाकर रफूचक्कर हो गई। बाद में जब परिवार के लोगों ने इसकी तहकीकात की तो पता चला कि महिला शादी शुदा है और उसका पति भी जिंदा है।
जी हां यह मामला कप्तानगंज थाने के कटरी गांव का है। यहां के निवासी जयकरन गौड़ सिंचाई विभाग में जेई थे। रिटायर होने के बाद उनकी पत्नी की मौत हो गई। कुछ दिनों तक अकेले रहने के बाद वे बुढ़ापे में सहारा के लिए दूसरी शादी के लिए इस्तहार दिया। इसके बाद उनके पास लखनऊ से एक महिला का फोन आया, जो उनसे उक्त इस्तहार के बारे में जानकारी ली। खुद को विधवा बताया और लखनऊ आने को कहा। इसके बाद जयकरन लखनऊ पहुंच गए। यहां उससे रिटायर अवर अभियंता से रिश्ते की बात शुरू हो गई। कुछ दिनों बाद दोनो परिणय सूत्र में बंध गए। शादी के बाद महिला ने अपना रूप दिखाना शुरू किया। बकौल जयकरन महिला ने कुछ दिन बीतने के बाद महिला एक 18 वर्ष की लड़की को घर ले आई, जिसे उसने अपनी बेटी बताया। इसके बाद उन्हें घर में बंधक बना लिया। झूठे मुकदमा में फंसाने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करने लगी। इस दौरान उसने जमीन के कागजातों को अपने नाम भी करा लिया। जयकरन बताते हैं कि महिला के उत्पीड़न से उनकी स्थिति पागलों जैसी हो गई। जब परिवार वालों को यह पता चला तो वे महिला की हकीकत पता करने लगे तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जयकरन बताते हैं कि विधवा बताकर जिस महिला ने उनसे शादी की वह वास्तव में विधवा नहीं थी। उसका पति जिंदा है और वह गाजीपुर की रहने वाली है। जूनियर इंजीनियर के पेंशन व धन की लालच में उसने खुद को विधवा बताकर शपथ पत्र भी दिया था। जयकरन का आरोप है कि महिला ने उनको तथा उनके बेटों को फर्जी छेड़खानी के मुकदमे में भी फंसाने का प्रयास किया, मगर जांच में सब सामने आ गया। महिला ने जयकरन पर जान लेवा हमला भी करवाया, मगर वे किसी तरह बच गए। इसके बाद से वे छिपकर रहते हैं। खुद का घर होते हुए भी वह खाना बदोश की जिंदगी काट रहे हैं। कहा कि मामले में उन्होंने हर्रैया थाने को जानकारी भी दी है, मगर पुलिस चुप्पी साधे हुए है।