हाईटेंशन तार गिरने से जिंदा जला मासूम
भानपुर (बस्ती)।
सोनहा थाना क्षेत्र के भानपुर स्थित रुधौली तिराहे पर हाईटेंशन तार के अचानक टूटकर गिरने से 10 साल का बालक जिंदा जल गया। वह हादसे के समय छत पर कपड़ा डाल रहा था। मौके पर ही हयूल पुत्र जब्बार अली निवासी बड़ोखर की मौत हो गई।
हादसा होते ही कस्बे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पावर हाउस पर सूचना देकर बिजली कटवाई गई। इसके बाद लोग बचाव में जुटे। किसी ने हादसे की जानकारी डॉयल 100 पुलिस को दी। थोड़ी ही देर बाद प्रभारी निरीक्षक श्रीनाथ यादव टीम के साथ मौके पर पहुुंचे और शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू की। परिवार वालों के मुताबिक घटना शाम करीब साढ़े छह बजे के आसपास हुई। हादसे के समय घर की महिलाएं खाना बनाने की तैयारी में थी। हयूल नहाने के बाद कपड़ा डालने छत पर गया था। उसी समय छत के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन तार टूटकर गर्दन पर गिर गया और चिपक गया। इससे उसके शरीर में आग लग गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हयूल बकरीद में अपने फूफा सलीम के घर आया था। वह गांव के मकतब में दूसरी जमात का छात्र था। घटना से लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों ने घर के ऊपर से बिना किसी सुरक्षा के गुजर रहें हाईटेंशन तार को तत्काल हटाने की मांग की है।