गौर और वाल्टरगंज क्षेत्र में चोरों का धावा
नकब लगाकर चोरों ने उड़ाए लाखों के सामान
गौर के सेखोईया और वाल्टरगंज के जिनवा की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
गौर/वाल्टरगंज। ठंड की रात आते ही चोरों का उत्पात बढ़ गया है। शुक्रवार रात गौर थाना क्षेत्र के सेखोईया और वाल्टरगंज के जिनवा गांव में सेंध लगाकर कीमती सामान समेट ले गए। शनिवार सुबह सोकर उठने पर परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
गौर प्रतिनिधि के मुताबिक सेखोईया गांव में सुखराम के घर को चोरों ने उस समय निशाना बनाया जब धनघटा चौराहे पर रामलीला का मंचन चल रहा था। घर के पीछे नकब लगाकर घुसे चोर करीब 70 हजार नकद व कीमती सामान उठा ले गए। पुलिस को दी तहरीर में सुखराम ने बताया कि कमरे में महिलाओं के जेवर, कपड़े और बॉक्स में नकदी थी। इसमें दो झुमकी, चार जोड़ी पायल, पाजेब आदि सामान उठा ले गए हैं। सुबह ज्योति देवी जगी तो देखा घर का सारा सामान बिखरा दिखा। पीछे नकब लगी मिली। घर से सौ मीटर की दूर दक्षिण बाग में बॉक्स टूटा मिला। पुलिस को जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक गौर रामसमुझ प्रभाकर ने बताया कि चोरी होने की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल में जुटी है।
वहीं, वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के जिनवा में तीन घरों में घुसे चोर नकदी व अन्य सामान लेकर चंपत हो गए। गांव के मंगल प्रसाद शुक्ल के घर से 20 हजार नकद, पायल, साड़ी जो बॉक्स में रखा था, उसे उठा ले गए। पड़ोस के शिवनाथ यादव तथा उनके भाई शिवप्रताप यादव के घर में घुसकर चोर कपड़ा, बर्तन तथा मोबाइल और पांच सौ रुपये उठा ले गए। पीड़ितों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। एसआई ऋषि देव ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की है।