तालाब में डूबने से बालक की मौत
कप्तानगंज।
थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव में स्थित तालाब नहाने गए 13 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। डूबने की जानकारी के बाद परिवार के कुछ लोग तालाब में उतर गए। करीब आधा घंटा पानी में तलाश के बाद बालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे लेकर सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। परिवार का एकमात्र पुत्र होने के कारण माता पिता बदहवास हो गए हैं। पूरा गांव घर पर पहुंच कर परिवार के लोगों को ढांढस बंधा रहा है।
थाना क्षेत्र के अन्हियाजोत गांव निवासी रामजीत चौधरी का 13 वर्षीय पुत्र राहुल चौधरी उर्फ सूरज शनिवार दोपहर में अपने साथियों के साथ गांव के बाहर स्थित काली जी के स्थान पर कबड्डी खेलने गया था। वहां खेल के बीच में ही वह साथियों के साथ बगल के गांव रमवापुर के तालाब में नहाने चला गया। नहाते समय राहुल तैर कर बीच तालाब में पहुंच गया, जहां वह पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके साथी चिल्लाने लगे, मगर जब तक लोग उसे बचाने के लिए तालाब में उतरते तब तक वह पानी में नीचे चला गया। तालाब में आधा घंटा तक लोग उसे ढूंढने के बाद उसे निकाला गया लेकिन तब तक उसकी इहलीला समाप्त हो चुकी थी। राहुल चार बहनों के बीच अकेला था। बेटे के गम में मां शकुंतला और पिता रामजीत बदहवास हो गए हैं।