प्रॉपर्टी डीलर गोलीकांड का मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
फोटो
वर्चस्व कायम करने की गुटबाजी में बढ़ती गई दुश्मनी
- दोनों गुटों में बार-बार होती रही मारपीट और गुंडई : एसपी
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शहर के एपीएन कॉलेज गेट के पास दिनदहाड़े अनित शुक्ला पर गोली चलाने वाले हनुमान दास उर्फ विकास पाल को पुलिस ने बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया। फोरलेन पर स्थित कोतवाली थाने के पटेल चौक के पास से रात 11:35 बजे क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़ा। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया है।
एसपी पंकज कुमार ने शुक्रवार दोपहर प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि हनुमान उर्फ राजन पाल को उसके दोस्त अभिषेक मिश्र ने तमंचा दिया था। पल्सर बाइक पर बैठकर अभिषेक और राजन पहुंचे। दूसरी अपाची बाइक पर हर्ष श्रीवास्तव, अनुराग उर्फ अन्नू व वीरू उर्फ वीर प्रताप थे। तीसरी बाइक हीरो स्प्लेंडर थी, जिस पर विशाल और शैलेश शर्मा और चौथी बाइक पर उदय प्रताप, विपुल सिंह व विट्टू सिंह सवार थे। 18 जून को कोर्ट में तारीख पर गया था। वहां से लौटकर पता लगाया कि अनित एपीएन के पास साथियों के साथ मौजूद है। सभी लोग कॉलेज पर गए। गेट के पास खड़े अनित शुक्ला पर फायर झोंक कर अपनी बाइक से डारीडीहा-भदेश्वरनाथ, बहादुरपुर होते हुए कलवारी भाग गया। घायल अनित को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत खतरे से अब बाहर है। पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त साथी अभिषेक को उसका तमंचा कारतूस लौटाने पटेल चौक पर गया था, जहां से पुलिस ने दबोच लिया।
बदले की आग में जल रहा था हनुमान
हनुमान से पूछताछ के आधार पर एसपी ने बताया कि जुलाई-2018 में छात्र नेता आलोक पांडेय और कांग्रेस के शीतला सिंह के मध्य कचेहरी चौराहे पर हुए विवाद के दौरान अनित ने बेलचा से हनुमान दास पर वार किया था। इसका बदला लेने के लिए वह परेशान था। अगस्त-2018 में राजन पाल अयोध्या के एक मामले में जेल चला गया था, जिसमें 18 मार्च-2019 को जमानत मिली। सोशल मीडिया एवं मोबाइल पर अनित शुक्ला व उनके साथी धमकी दे रहे थे। इसी बीच अनित के साथी दिनेश त्रिपाठी, दिव्यांग मिश्रा, रितेश पांडेय, आदर्श उपाध्याय, आकाश सोनी एवं भोलू आदि ने रात में अमहट घाट पर हनुमान के साथी पुष्पांग के साथ मारपीट की। इसके कुछ दिनों के बाद हिमांशु के साथ अनित के साथियों से मारपीट की। गिरफ्त में आए हनुमान ने बताया कि उसकी काफी मनबढ़ई से आजिज आकर अनित शुक्ला को गोली मारने की ठान ली।
अपराधिक इतिहास
आठ फरवरी-2013 को राजन पाल ने अपने अन्य चार साथियों शमशेर, सुल्तान , गौरव तिवारी और धोनी तिवारी उर्फ सोनू के साथ मिलकर तत्कालीन एसओजी प्रभारी चंद्रशेखर सिंह व उनकी टीम पर साढ़े 11 बजे फायरिंग की थी। 30 मई-2018 को अपने साथी अंकित सिंह निवासी जोगवापुर थाना दुबौलिया बस्ती के साथ जनपद अयोध्या में विभीषण कुंड के पास सब्जी वाले को मार पीटकर अचेत कर दिया था। थाना राम जन्मभूमि में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
एसपी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी, स्वाट प्रभारी विक्रम सिंह, पंकज पांडेय, चन्द्रकान्त सिविल लाइन चौकी, हेड कांस्टेबल छोटेलाल,हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र यादव, कांस्टेबल आदित्य पाण्डेय , सदानन्द यादव आदि ने अहम भूमिका निभाई।