युवकों को पेड़ से बांधकर पीटा, पुलिस देखकर भागे
थाने पर नहीं हुई सुनवाई तो सीओ को दिया प्रार्थना पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
हर्रैया। नशे में धुत लोगों ने दो दिन पहले बड़हर के एक ढाबे पर दो युवकों की पिटाई कर दी। आरोप है कि पुलिस को सूचना देने पर रविवार की रात फिर पीड़ित युवक व उसके साथी को पेड़ में बांधकर मारा पीटा गया। सूचना पर पहुंची थाने की पुलिस को देखते ही आरोपी भाग खड़े हुए। पीड़ित परिवार ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया मगर सुनवाई नहीं हुई। बाद में सीओ से शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
बीते 14 जून को कस्बे के हरिरहिया नगर निवासी दीपक गुप्ता, उस्मान निवासी रामलीला नगर व सलमान निवासी गौहनिया हाइवे पर बड़हर गांव के सामने एक ढाबे पर भोजन करने गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे कस्बे के ही उग्रसेन नगर वार्ड के कुछ लोग पहले से ही भोजन कर रहे थे और देखते ही आपत्ति जनक टिप्पणी की और गाली गलौज करने लगे। मना करने पर हाथापाई पर उतर आए और मारपीट करने लगे। जिसकी सूचना पीड़ितों ने थाने पर दी मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। थाने पर जाने से नाराज मनबढ़ों ने रविवार की रात सब्जी लेने जा रहे सलमान को पकड़कर पीट दिया। बीचबचाव करने पहुंचे उस्मान को पेड़ में बांधकर पीटा। शोर होने पर आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर एसआई व चीता मोबाइल टीम मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग निकले। पीड़ितों ने मामले की शिकायत सीओ से कर कार्रवाई की मांग की है।