पुलिस की वसूली का फोटो वायरल
कप्तानगंज में वाहन स्वामी से हेड कांस्टेबल ने किया दुर्व्यवहार
दोनों मामलों की जांच करेंगे सीओ कलवारी
अमर उजाला ब्यूरो।
महराजगंज/नगर बाजार। कलवारी सर्किल के दो प्रकरण सामने आने से पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। कप्तानगंज थाने में वाहन स्वामी से दुर्व्यवहार करने के मामले में सोमवार को पुलिस की खूब किरकिरी हुई। वहीं नगर थाने के फुटहिया चौकी पर वर्दीधारी को रुपये वसूल करती फोटो वायरल हो गई। जिसे लेकर सोशल मीडिया में जमकर फजीहत हो रही है। दोनों प्रकरण में एसपी पंकज कुमार ने सीओ अनिल कुमार को जांच सौंपी है।
कप्तानगंज थाने के पटखोली राजा (सड़सिया) गांव के रहने वाले शिव कुमार कप्तानगंज विद्युत उपकेंद्र पर तैनात हैं। उन्होंने पत्नी मंजू के नाम से बोलेरो खरीदी थी। बीते साल नौ अप्रैल को उपकेंद्र के बगल से बोलेरो चोरी हो गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने गाड़ी की दोनों चाभी वाहन स्वामी से ले लिया था। एक साल बीत जाने के बाद भी जब गाड़ी नहीं मिली तो इंश्योरेंस कंपनी से बोलेरो का क्लेम बनाया गया। जिसके लिए चाभी की मांग की गई। शिव कुमार आरोप लगाया कि सोमवार की सुबह जब कप्तानगंज थाने पर पहुंचे तो वहां पर तैनात हेड कांस्टेबल बेवजह भड़क गए। इसकी सीएम पोर्टल पर की गई कि उन्हें धमकी देते हुए थाने से भगा दिया गया। एसओ के संज्ञान में लाने के बावजूद वह कुछ सुनने को तैयार नहीं हुए। प्रभारी एसओ सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जानकारी बाद में हुई तो मुंशी को समझाया। सीओ कलवारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। दूसरा मामला फुटहिया का है। जहां की फोटो फेसबुक पर वायरल हुई। फोटो में राजेन्द्र प्रसाद बैज नंबर दर्शाते हुए 50 रुपये लेते दिख रहा है। वॉल पर लिखा गया है कि वसूलने वाले वर्दीधारी ने धमकी भी दी कि बिना रकम दिए कोई नहीं जा सकता। वाकया 14 जून दोपहर 12 बजकर 35 मिनट का बताया गया है। एसपी पंकज कुमार ने बताया कि सीओ कलवारी को इस मामले की भी जांच सौंपी गई है।