ऑटो की चपेट में बाइक, सवार की अस्पताल में मौत
गठबंधन के बाद कुछ सामान लेेने जा रहा था बाजार
पंडूल घाट मार्ग पर सोमवार रात साढ़े नौ बजे हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
कप्तानगंज। बहूभोज के दौरान सामान घटने पर बाजार जा रहे युवक की बाइक ऑटो की चपेट में आ गई। गंभीर घायल युवक ने जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज जाने के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन शव को लेकर कप्तानगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा कप्तानगंज-पंडूलघाट मार्ग पर सोमवार रात अचेकवा पुल के पास रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। पुल के पास तेज रफ्तार ऑटो की बाइक में ठोकर लग गई। बाइक चालक प्रदीप उर्फ विक्की (25) पुत्र कांशीराम निवासी महुलानी बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ऑटो छोड़कर भाग निकला। आसपास के लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया था। सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों के मुताबिक सोमवार को प्रदीप का गौना आया था। गठबंधन के बाद घर पर बहूभोज कार्यक्रम चल रहा था। किसी सामान की जरूरत हुई, जिसे लेेने के लिए बाजार निकला था। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। ऑटो को कब्जे में ले लिया गया है। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।