महिला से दिनदहाड़े छीने 22 हजार रुपये
गायघाट कस्बे में शुक्रवार को दोपहर में हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
गायघाट। कलवारी थाना क्षेत्र के गायघाट कस्बे में शुक्रवार को दिनदहाड़े सड़क पर महिला से 22 हजार रुपये बदमाशों ने छीन लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कलवारी थाना क्षेत्र के मईपुर गांव निवासी कैलाशी देवी पड़ोसी महिला सुभावती के साथ शुक्रवार को सुबह 10 बजे गायघाट स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पहुंचीं। जहां से खाते से रुपये निकाल कर करीब साढ़े ग्यारह बजे सुभावती आधार कार्ड लिंक कराने लगीं। दोपहर करीब एक बजे बैंक के सामने दोनों महिलाओं ने गन्ने का रस पिया और कुछ सामान लेने के लिए पैदल बाजार की तरफ बढ़ीं। बाढ़ शरणालय के पास रामजानकी मार्ग पर बाइक सवार उचक्का पीछे से आया और पीठ पर जोर से मारा। साथ ही हाथ में लिया झोला छीनकर भाग निकला। झोले में रुपये के अलावा बैंक का पासबुक भी था। पीड़ित महिला का पति गोविन्द दिल्ली में नौकरी करता है। घर की जरूरत के लिए महिला बैंक से रुपये निकालने गई थी।
अचानक हुई घटना से स्तब्ध कैलाशी देवी बदमाश को भागते देख शोर मचाने लगीं। जब तक आसपास के लोग जुटे, बाइक सवार बदमाश कलवारी की तरफ भाग निकला। महिला ने घटना की सूचना डायल 100 पुलिस को दी। डायल 100 पुलिस की सूचना पर उपनिरीक्षक शिवधारी व ओमप्रकाश मिश्रा भी पहुंचे और जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह के साथ थानाध्यक्ष कलवारी मौके पर पहुंचकर बैंक के सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल का बारीकी से जांच की। साथ ही बाजार के लोगों से पूछताछ भी की। इस संबंध में थानाध्यक्ष कलवारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।