संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी किशोरी, गंभीर
- कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मटिहनिया गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कप्तानगंज। क्षेत्र के मटिहनिया गांव में रविवार दोपहर 16 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। किशोरी की चीख पर पहुंचे पड़ोस के लोग ने बचाया। थोड़ी देर में पहुंचे परिवार के लोगों की मदद से कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
रविवार दोपहर मटिहनिया गांव निवासी अतहर अली की 16 वर्षीय बेटी अजीमू निशा घर में अकेली थी। पिता सउदी में रहते हैं जबकि मां किसी काम से बाहर गई थी। अचानक कमरे से चीखने की आवाज सुनाई देने लगी और धुआं होता देखकर पड़ोस के लोग दौडे़। घर के अंदर का नजारा देख दंग रह गए। अजीमू काफी जल चुकी थी। सूचना पर 108 एंबुलेंस भी पहुंच गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर दिया। परिजन ढिबरी गिरने की बात कह रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज सतानन्द पाण्डेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। किशोरी का सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।