नौकरी का झांसा देकर साढ़े पांच लाख की ठगी
इटवाकुनगाई गांव के युवक ने दर्ज कराया मुकदमा
अवध यूनिवर्सिटी में लिपिक की नौकरी देने का वादा था
अमर उजाला ब्यूरो
पैकोलिया। क्षेत्र के इटवा कुनगाई गांव के युवक को नौकरी का झांसा देकर साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पैकोलिया पुलिस ने बाबूलाल उर्फ प्रेमशंकर पर केस दर्ज कर लिया है।
इटवाकुनगाई गांव के जितेंद्र कुमार पाठक ने तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही बाबूलाल उर्फ प्रेमशंकर ने अवध यूनिवर्सिटी में खुद को कार्यरत बताया और लिपिक की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये लिया। यह रकम कई बार में बाबूलाल उनकी माता शकुन्तला तथा भाई डॉ. रोशनलाल ने लिया है। बाबूलाल फैजाबाद बुलाकर यूनिवर्सिटी से जारी 2011 का पहचान पत्र तथा अन्य कागजात दिया और जल्दी ही ज्वाइनिंग कराने की बात भी कही। विश्वविद्यालय में नीरज सिंह नामक व्यक्ति को कुलपति का खास बताकर 50 हजार रुपये भी दिलाया। एक माह पहले मुझे पता चला कि उक्त लोग कई को नौकरी का झांसा देकर ठगी करते रहते हैं। वहीं ज्वाइनिंग भी नहीं होने पर मुझे शक हुआ। जब वह रुपये वापस मांगने लगा तो हरिजन होने की बात कहकर एससी/एसटी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। इस बाबत थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित के तहरीर पर नौकरी का झांसा देकर ठगी करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच-पड़ताल के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।