बस्ती/वाल्टरगंज। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मरवटिया निवासी अमित यादव (25) पुत्र स्व. सीताराम यादव ने शनिवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रक चलाकर परिवार का भरण पोषण करने वाले अमित यादव शनिवार रात करीब नौ बजे घर पहुंचा। सीधे कमरे में जाकर सो गया। रात करीब सवा दस बजे मां अमरावती अमित को खाना खाने के लिए जगाने गई तो अंदर से दरवाजा बंद था। आवाज देकर कुछ देर तक दरवाजा खोलवाने का प्रयास किया लेकिन अंदर से आवाज तक नहीं आई। शराब पीने का आदी होने से अनहोनी की आशंका में खिड़की को तोड़कर जब लोगों ने अंदर देखा तो छत में लगे पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी पर झूल रहा था।घर के लोग हतप्रभ रह गए। मां और परिवार के सदस्य रोने चीखने लगे। आसपास के लोग भी जुट गए। किसी ने पुरानी बस्ती पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष सर्वेश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के समय पत्नी मायके गई थी। गांव वालों के मुताबिक अमित ने प्रेम विवाह किया था। करीब 15 दिन पहले ही पत्नी ज्योति मायके चली गई। लोग पत्नी से किसी बात पर विवाद होने की आशंका भी जता रहे हैं।