तस्करी की 1409 पेटी शराब बरामद
- फोटो : अमर उजाला
कप्तानगंज (बस्ती)। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में जहरीली शराब से हुई मौत की घटना के बाद शासन के निर्देश पर पुलिस और आबकारी टीम ने संयुक्त रूप कार्रवाई शुरू की। मुखबिर की सूचना पर ट्रक में भूसी के अंदर छिपा कर बिहार भेजी जा रही 1409 पेटी शराब बरामद की गई लेकिन तस्कर और ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकले।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र में फोरलेन स्थित दुधौरा गांव के पास शुक्रवार रात कप्तानगंज पुलिस व आबकारी की संयुक्त टीम मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दी। दुधौरा गांव के पास पहले से चिह्नित ट्रक को चालक और तस्कर सहित पकड़ा जाता कि वाहन छोड़कर सभी भाग निकले। पुलिस के मुताबिक हरियाणा से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब को बिहार ले जाया जा रहा था। पकड़े गए ट्रक को कप्तानगंज थाने लाया गया। जांच में 1409 पेटी शराब बरामद हुई है। जिसकी कीमत 60 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। शराब एनबी डिस्टिलरी हरियाणा की क्रेजी रोमियो ब्रांड की है। प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज सतानन्द पांडेय व आबकारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर शराब तो बरामद कर लिया परंतु चालक बलवीर निवासी मुर्तजापुर, कुरुक्षेत्र सहित धंधेबाज चकमा देकर भागने में सफल रहे।