फिसलन में हादसा, पिकअप चालक, खलासी घायल
- आगे चल रही मिनी ट्रक में ब्रेक लगाने से टकराई पिकअप
- फोरलेन पर नगर थाने के फुटहिया के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
नगर बाजार (बस्ती)। बारिश के कारण फोरलेन पर फिसलन की वजह से बुधवार सुबह नगर थाने के फुटहिया के पास हादसा हो गया। पुलिस चौकी से थोड़ी दूर पहले एक बस को अनियंत्रित होकर रोड के किनारे जाते देख पीछे आ रही मिनी ट्रक (डीसीएम) चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे मुर्गी लादकर पीछे आ रही पिकअप मिनी ट्रक में जा टकराई। जिससे पिकअप चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची फुटहिया पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार सुबह लगभग छह बजे दिल्ली से बिहार जा रही एक निजी बस कर्मा देवी विद्यालय के पास पहुंची। बस फिसलकर अचानक सड़क से नीचे उतरने लगी। इसके ठीक पीछे आ रहे डीसीएम (मिनी ट्रक) चालक को लगा कि बस अनियंत्रित हो गई। उसने अचानक अपनी गाड़ी में ब्रेक लगा दी। मिनी ट्रक के पीछे आ रही पिकअप चालक ने भी ब्रेक लगाया लेकिन फिसलन की वजह से डीसीएम में जा टकराई। हादसे के बाद मिनी ट्रक का चालक वाहन लेकर भाग निकला। फुटहिया पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कुमार वर्मा ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार चल रहा है। कानपुर से मुर्गी लादकर गोरखपुर जा रहे पिकअप को 30 वर्षीय मोहम्मद आबिद निवासी रस्तामऊ थाना मोहनगंज जनपद अमेठी चला रहे थे। जबकि 22 वर्षीय खलासी शावेश खान निवासी पूरेहामी इमली गांव थाना जगदीशपुर जनपद अमेठी खलासी के रूप में गाड़ी में सवार था। उधर, सवारियों से भरी बस सड़क के बगल नीचे उतर जाने से चीख पुकार मच गई। हालांकि बस चालक अररिया मधुबनी (बिहार) के निवासी बस चालक फूला ने बताया कि रफ्तार में आते समय उसने कीचड़ देख बस सड़क के किनारे किया था।