आरपीएफ के हत्थे चढ़े तत्काल टिकट के दो धंधेबाज
चाचा के साथ मिलकर धंधे को अंजाम देता था नाबालिग
41 तत्काल टिकट, दो लैपटॉप सहित अन्य सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। तत्काल टिकट के धंधेबाजों के खिलाफ अभियान की कड़ी में आरपीएफ की टीम ने संतकबीरनगर जिले से दो लोगों को दबोचा है। इनके पास से टीम ने 41 तत्काल टिकट के अलावा दो लैपटॉप, एक प्रिंटर, डोंगल, छह एटीएम तथा दो रजिस्टर बरामद किया है।
आरोपी आईआरसीटीसी के 30 फर्जी व्यक्तिगत यूजर आईडी बनाकर धंधे को अंजाम देते थे। धंधे में लिप्त दोनों चाचा, भतीजा को टीम ने गिरफ्तार किया है। भतीजे की उम्र 16 वर्ष होने के नाते उसे बाल अपचारी की श्रेणी में मानते हुए बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया है। मुखबिर ने टीम को सूचना दी कि संतकबीरनगर जिले के थाना दुधारा स्थित पचपोखरी चौराहे पर एस कंप्यूटर्स एंड ऑनलाइन सर्विस दुकान से रेल के तत्काल टिकटों का बड़े पैमाने पर धंधा चल रहा है। इस सूचना के बाद आरपीएफ एसआई नरेंद्र यादव, एसआई खलीलाबाद श्यामराज, एएसआई चंद्रिकानाथ तिवारी, वीरेंद्र नाथ तिवारी, मुन्ना कुमार शाह, आनंद यादव, महेंद्र सिंह व अनिरुद्ध मौर्या की टीम ने उक्त दुकान पर रविवार की देर रात छापा मारा। यहां मौके पर दुकान का सह संचालक सतीश वर्मा को टीम ने दबोच लिया। हालांकि, बाद में सतीश के नाबालिग होने के कारण आरपीएफ ने इसे बाल अपचारी की श्रेणी में रखते हुए संरक्षण गृह भेजा। पूछताछ में यह पता चला कि दुकान के संचालक उसके चाचा सोनू वर्मा हैं। टीम ने इन्हें भी रात में ही दबोच लिया।