एटीएम की रकम के दो दावेदार, एक चंपत
रुपये लेकर भागते देखकर भीड़ ने दौड़ाया
शहर कोतवाली के फौव्वारा तिराहे का मामला
पुलिस का रुपये लेकर भागने से इन्कार, तहरीर भी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शहर के गांधी कला भवन के पास स्थित एटीएम पर दोपहर 20 हजार रुपये छीनकर भागने की अजीबोगरीब घटना सामने आई। एक ही रकम के दो लोग दावेदारी ठोंकने लगे। तभी उनमें से एक शख्स दूसरे के हाथ पर झपट्टा मारकर भागने लगा। आसपास खड़े लोग कुछ समझ नहीं पाए। कुछ लोगों ने दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह नजर से ओझल हो गया। एटीएम पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड के बयान के आधार पर पुलिस का दावा है कि जिसकी रकम थी, वही लेकर गया है। गलतफहमी के कारण उनमें विवाद था।
बभनान के बेलहरिया बुजुर्ग निवासी फूलचंद्र सोमवार को रिश्तेदार का इलाज कराने मालवीय रोड स्थित एक निजी नार्सिंग होम पर पहुंचे। फौव्वारा तिराहे के पास स्थित एक एटीएम पर ऑपरेशन के लिए पैसा निकालने गए। फूलचंद्र का कहना है कि एटीएम में उनके पीछे खड़े एक व्यक्ति ने उनसे मदद की पेशकश की। उनके एटीएम से 20 हजार रुपये निकालकर वह अपना बताने लगा। चौकी इंचार्ज मदन गुप्ता का कहना है कि घटनास्थल के आसपास पूछताछ और गार्ड के बयान में रुपये छीनकर भागने जैसी कोई बात नहीं है।