अज्ञात कारणों से छात्र बेहोश, मौत
स्कूल गेट पर बेहोश होकर गिर गया था छात्र
मौत की सूचना से गांव में मातम
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शहर के सक्सेरिया स्कूल में मंगलवार को तब अफरा-तफरी मच गई जब स्कूल के कक्षा 12 के छात्र अभिषेक अचानक गेट पर बेहोश हो गए। इसकी जानकारी जैसे ही स्कूल प्रशासन को हुई प्रधानाचार्य डॉ. ओपी श्रीवास्तव समेत स्कूल के सभी कर्मचारी व शिक्षक वहां पहुंच गए। बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, मगर तब तक उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने अस्पताल में उसे मृत घोषित किया।
कोतवाली क्षेत्र के ओएनजीसी कोलकाता मेें तैनात छबिलहा निवासी रामजी मिश्र के बड़ा पुत्र 17 वर्षीय अभिषेक मिश्र शहर के सक्सेरिया इंटर कॉलेज का छात्र था। वह सुबह साइकिल से स्कूल के लिए निकला। स्कूल पहुंचने में उसे थोड़ी देर हो गई। यहां प्रार्थना शुरू हो गई थी, जिससे गेट बंद था। प्रार्थना पूरा होने के इंतजार में अभिषेक गेट के पास ही खड़ा हो गया। इसी बीच उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर वहीं गिर गया। इसकी जानकारी होते ही स्कूल प्रशासन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार के लोगों को इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन ने दी। अभी दो दिन पहले ही रामजी मिश्र घर से नौकरी के लिए वह कोलकाता गए थे, लेकिन अभी रास्ते में ही थे। परिवार वालों के मुताबिक बच्चे के बारे में उन्हें सूचना दे दी गई है। वह लौट रहे हैं। इधर, घटना के बाद गांव में मातम छा गया है।