लालगंज क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्र के गोलमाल का अभी पटाक्षेप भी नहीं हुआ कि एक और संचालक रुपये लेकर भाग निकला। रविवार को दुबौलिया थाना क्षेत्र के बंजरिया सूबी स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक के भागने का पता चला तो लोग उग्र हो गए। खाताधारकों ने ग्राहक सेवा केंद्र को घेर कर प्रदर्शन किया। बाद में पहुंची पुलिस को संचालक के खिलाफ तहरीर दी गई।
प्रदर्शन करने वाले उपभोक्ता सुबरा, गनौनरा, अनारा, गुंजा, चमेली, निर्मला, पिंकी, विजय कुमार, सूरज लाल, शहीदुन निशा, हजीरून, सगराम, चंद्रावती आदि का आरोप है कि सेवा केंद्र के संचालक प्रदीप कुमार ने एक कागज पर अंगूठा लगवा कर रुपये निकाल लिया। इसके अलावा कई लोगों का धन लेकर बैंक में जमा करने के बजाय उसे हड़प लिया। उपभोक्ताओं के मुताबिक मजदूरों के मनरेगा का धन व बाहर कमाने गए लोग अपने परिवार को रुपये इसी केंद्र पर भेजते थे। केंद्र पर तकरीबन पांच सौ खाते हैं, जिनका पांच लाख रुपये संचालक हड़प लिया है। कहा कि जब रुपये के लिए संचालक पर दबाव बनाया गया तो उसने एकाध माह में वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन करीब एक माह से संचालक केंद्र पर ताला लगाकर गायब है।