पंखे से लटकता मिला विवाहिता का शव
- नगर पंचायत बभनान के लक्ष्मी वाई वार्ड की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। नगर पंचायत बभनान के वार्ड संख्या छह लक्ष्मी बाई नगर में विवाहिता का शव पंखे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बभनान के वार्ड संख्या छह लक्ष्मी बाई नगर में हनुमान का परिवार रहता है। हनुमान की पत्नी अवंतिका (35) शनिवार सुबह अपने बच्चों को स्कूल बस पर बैठा कर घर आ गई। बच्चे दोपहर बाद करीब दो बजे जब स्कूल से घर पहुंचे तो बार-बार आवाज देने के बाद भी घर का दरवाजा नहीं खुला। बाद में बच्चों ने पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया और घर के अंदर गए तो मां की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। अवंतिका का शव पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका हुआ मिला। पति हनुमान गोंडा के एक महाविद्यालय में लिपिक पद पर तैनात हैं। घटना के समय वह ड्यूटी पर थे। पड़ोसियों ने हनुमान व पुलिस को जानकारी दी। बच्चे राजवीर(10) बिट्टू (5) व जिज्ञासा(12) हर्रैया के एक स्कूल में पढते हैं। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष पैकोलिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है।