डेढ़ लाख हड़पकर दिखाने लगा हेकड़ी
पुरानी बस्ती थाने में नामजद हुए बाप-बेटा
बिस्कुट सप्लाई का एडवांस
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। बिस्कुट एवं फास्टफूड सप्लाई करने वाली फर्म के एजेंट ने डेढ़ लाख रुपये एडवांस लेकर हड़प लिया। ऑर्डर देने वाले ने मांगना शुरू किया तो एजेंट अपने बेटे के साथ आकर धमकी देने लगा। पुरानी बस्ती थाने के स्टेशन रोड स्थित एक होटल पर बुलाकर धमकाया कि शिकायत करोगे तो अंजाम बुरा होगा। नवंबर 2016 के प्रकरण में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर सोमवार को मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
मुंडेरवा थाने के राजेडीहा निवासी अयोध्या प्रसाद पाठक ने प्रार्थनापत्र दिया कि उनकी नमकीन बिस्कुट आदि सप्लाई करने की एसडी एसोसिएट नामक फर्म है। उनकी पत्नी सुशीला देखरेख करती हैं और उसका गोदाम पुरानी बस्ती थाने के संतपुर मिश्रौलिया में है। वादी के अनुसार उसने बीकानेरी भुजिया-नमकीन की लखनऊ की एजेंसी सागर इंटर प्राइजेज को ऑर्डर दिया। फर्म के एजेंट विवेक पाण्डेय ने अपने बेटे गोलू निवासी धारा रोड मकान नंबर-3/15/2-बी निकट काली बाड़ी मंदिर थाना कोतवाली अयोध्या को उनकी पत्नी ने 24 नवंबर 2016 को डेढ़ लाख रुपये का चेक काटकर एडवांस के रूप में दिया। केनरा बैंक के अपने खाते में विवेक ने चेक लगाकर रकम निकाल ली। मगर ऑर्डर की सप्लाई नहीं दी। काफी कोशिश के बाद सप्लाई की भी तो गत्ते में भरा माल खराब हो चुका था। इसकी शिकायत करने पर एजेंट अपने बेटे और कुछ और लोगों के साथ पहुंचा और होटल बालाजी प्रकाश बुलाकर उससे मारपीट की, धमकी दी कि यदि किसी से इसकी शिकायत की तो भेजा उड़ा देगा। पुलिस से बार-बार गुहार लगाने पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो वादी ने सीजेएम अदालत में अर्जी दी। 23 दिसंबर को आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसओ पुरानी बस्ती सर्वेश राय ने बताया कि सागर इंटर प्राइजेज के एजेंट विवेक पाण्डेय, उसके बेटे गोलू निवासी धारा रोड मकान नंबर-3/15/2-बी निकट काली बाड़ी अयोध्या एवं 08-10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।