परीक्षा देने जा रहे युवक की दुर्घटना में मौत
- हाइवे पार करने में अज्ञात वाहन की चपेट में आया था
- शनिवार रात पिकौरा सानी गांव के पास हुई दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कप्तानगंज। थाना क्षेत्र में फोरलेन स्थित पिकौरा सानी गांव के पास शनिवार रात सड़क पार करने के दौरान युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए गोंडा जिले के मधईपुर कुर्मी थाना परसपुर निवासी रामशंकर पुत्र ज्ञानचंद दोस्तों संग आ रहा था। कप्तानगंज के पिकौरा सानी गांव के पास रात करीब 11 बजे बस रुकी तो अपने दोस्त कन्हैया निवासी रामबरी व शिवा निवासी हड़री पुरवा थाना परसपुर जिला गोंडा के पास के ढाबे में खाना खाने लगे। वापसी में सड़क पार करने के दौरान दोनों दोस्त दूसरी तरफ बस के पास पहुंच गए जबकि रमाशंकर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। जिससे मौके पर ही मौत हो गई। दोस्तों ने घर वालों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कप्तानगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।