परशुरामपुर। काली बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने तमंचे की धौंस देकर 1.20 लाख रुपये नकद और एक लैपटाप लूट लिए। जिले के पश्चिमी बार्डर पर स्थित शक्तिचौरा में सरेशाम घटना को अंजाम देकर बदमाश गोंडा जिले में प्रवेश कर गए। घटना की जानकारी देने पर पुलिस मौके पर पहुंची मगर लकीर पीटकर लौट गई।
परशुरामपुर थानाक्षेत्र के महेवा निवासी ओम प्रकाश वर्मा गांव में नंद नगर सेंट्रल बैँक शाखा से संबद्ध ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। शुक्रवार को वह शाखा में लेनदेन करने गए। वहां काम अधिक होने पर मैनेजर ने उन्हें बैँक में रोक लिया।
शाम साढ़े पाच बजे के आसपास वह बैंक से 1 लाख 20 हजार रुपये व लैपटाप बैग में रखकर घर जाने लगे। शक्तिचौरा के पास पहुंचे ही थे कि काली अपाची सवार तीन बदमाश पहुंचे और तमंचा सटाकर बैग छीन लिए। वहां के निवासियों का कहना है कि जिले की सीमा पर होने की वजह से गोंडा जिले के अपराधी आकर वारदात करके आराम से निकल जाते हैं। शुक्रवार को भी यही हुआ।