कप्तानगंज कस्बे में कार सवार मनबढ़ों द्वारा क्षतिग्रस्त की गई बस
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज कस्बे में कार सवार आधा दर्जन मनबढ़ों ने निजी बस चालक और परिचालक को रविवार दोपहर जमकर पीटा। सरेराह पिटाई करके बस में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष और आरोपियों को हिरासत में लिया है।
सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज से यात्रियों को लेकर एक निजी बस रविवार को लखनऊ जा रही थी। बडेवन फ्लाईओवर के निकट दूसरे निजी बस के चालक से सवारी बैठाने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद बस लेकर चालक मजहर लखनऊ के लिए निकल गया। दोपहर एक बजे जैसे ही बस कप्तानगंज चौराहे पर पहुंची तभी कार सवार पांच-छह मनबढ़ पहुंचे और बस को सीएचसी के सामने रोक लिया।
लखनऊ का किराया पूछकर चालक को उलझा दिया। तभी कार में सवार लोग लाठी डंडे लेकर बस में घुसकर चालक और परिचालक को पीटने लगे और बस का अगला शीशा भी तोड़ दिया। कार सवार मनबढ़ कप्तानगंज थाने के नजदीकी गांव के बताए जा रहे हैं। घटना में चालक मजहर निवासी डुमरियागंज और खलासी सूर्यबली और नोसाद को गंभीर चोटें आईं। घटना देखकर बस में यात्री भी सहम गये। बस लेकर चालक हर्रेया की तरफ भाग गया।
सवारियों को दूसरी बस में बैठाकर वापस कप्तानगंज थाने पर आया। बस के खलासी सूर्यबली निवासी महतिनिया थाना डुमरियागंज जिला सिद्धार्थनगर ने मामले की तहरीर कप्तानगंज थाने पर दी। पुलिस ने पीड़ित पक्ष और कार सवारों को हिरासत में ले लिया है। कप्तानगंज के एसओ रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में छानबीन किया जा रहा है।