मखौड़ा मनवर महोत्सव क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए अंकित को मैन आफ दी मैच का पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। बीआरसी मैदान पर मखौड़ा मनवर महोत्सव में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को पहला मैच त्रिलोकपुर व पटेल नगर की टीम की बीच खेला गया। इस मैच को त्रिलोकपुर की टीम ने 114 रनों के अंतर से जीतकर अगले चरण में प्रवेश कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए अंकित को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी त्रिलोकपुर की टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में 168 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज सिकन्दर ने आठ गेंदों में 20 रन बनाए। अंकित ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 19 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली। इसके अलावा संजीव ने भी अपनी टीम के लिए 31 रनों के योगदान दिया।
बड़े लक्ष्य के दबाव में पटेल नगर की पारी बिखर गई और केवल 54 रनों पर ही आल आउट हो गई। अंकित ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। इस प्रकार त्रिलोकपुर ने यह मैच 114 रनों से जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
-
दोपहर को पहुंची राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
बीआरसी मैदान पर चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार दोपहर को बाल विकास पुष्टाहार व महिला कल्याण राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला पहुंचीं। उन्होंने पुरैना व गंगापुर की टीमों के बीच खेले जाने वाले मैच का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि खेल में हार जीत से अधिक महत्वपूर्ण है, इसमें भाग लेना। खेल को केवल खेल भावना से लें। हार से सीख लेकर आगे बढ़ने वालों को ही मंजिल मिलती है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने मौका मिलता है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों की मदद के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं, जिससे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा है।
इस मौके पर पूर्व सांसद अनिल शुक्ला व विधायक अजय सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।