बनकटी। पशुपालन विभाग की ओर से अस्थायी गौआश्रय मकदूमपुर में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय और प्रधान संघ अध्यक्ष रविचंद पांडेय सहित पशुधन प्रसार अधिकारी सुशील कुमार शुक्ला ने गो पूजा की और गायों में गुड़-चना खिलाया।
मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है, जो हमें भगवान श्री कृष्ण के जीवन और उनके उपदेशों की याद दिलाता है। यह पर्व भक्ति, प्रेम और धर्म मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रधान अध्यक्ष रविचंद पांडेय ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का अवतार मानवता, प्रेम और प्रकृति से परिचित कराने के लिए हुआ है और इनके बिना जीवन नीरस हो जाता है। पशुधन प्रसार अधिकारी सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि गोवंश की सेवा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसा माना जाता है कि गोवंश में समस्त देवी-देवताओं का वास होता है। गोवंश की सच्ची सेवा से ही हमें देवी-देवताओं और भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने गोवंश के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव स्तुति पांडेय, जनार्दन शुक्ला, प्रधान धीरज कुमार, परदेसी और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। संवाद