प्रेमिका के कहने पर की थी चचेरे भाई की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
भानपुर/सोनहा (बस्ती)। सोनहा थाना क्षेत्र के दरियापुर जंगल टोला उकड़हवा में ढाई वर्ष के मासूम रितेश की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए रविवार को महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपित युवक मृत मासूम का चचेरा भाई है और महिला उसकी पड़ोसी। पुलिस के अनुसार, युवक और महिला में प्रेम संबंध है। आरोपितों ने कबूल किया कि टॉफी दिलाने के बहाने युवक ढाई साल के रितेश को साइकिल पर बैठाकर ले गया और गला दबाकर हत्या कर दी। गिरफ्तार महिला पार्वती के घर से पुलिस ने बालक रितेश की चप्पल और हत्यारोपित संदीप चौहान की साइकिल बरामद कर ली है।
मामले का पर्दाफाश करते हुए एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार सुबह दस बजे घर के सामने खेल रहे ढाई साल के रितेश को घुमाने के बहाने साइकिल पर बैठाकर ले जाने वाले रिश्ते के चचेरे भाई संदीप चौहान ने अपनी प्रेमिका व गांव की ही पार्वती के कहने पर गांव से दूर जंगल में ले जाकर रितेश की गला दबाकर हत्या की थी। उसके शव को वहीं पर एक छोटे से गड्ढे में डालकर पत्तियों से ढंक दिया था। पुलिस की पूछताछ में उसने गुनाह कबूल करते हुए बच्चे के छिपाए गए शव को भी बरामद कराया। इस मामले में पुलिस ने पार्वती और संदीप पर केस दर्ज कोर्ट में पेश किया। घटना में आरोपित संदीप को पुलिस ने रविवार को खाजेपुर मोड़ से और पार्वती को उसके घर दरियापुर जंगल टोला उकड़हवा से गिरफ्तार किया गया था।
पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाया गया। उसके बाद एएसपी, सीओ रूधौली, सोनहा के प्रभारी निरीक्षक, रूधौली के प्रभारी निरीक्षक सहित कई थानों के पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के कुआनो नदी के बीच बभनगांवा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।