जिला अस्पताल से डॉक्टर ने गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी (बस्ती)। कमरे में अंगीठी जलाने की वजह से बंगाली स्वीट हाउस के संचालक दंपती शनिवार को घर में अचेतावस्था में मिले। जब संचालक दुकान पर काफी देर तक नहीं पहुंचे तो दुकान पर काम करने वाला ममेरा भाई चाबी लेने घर पहुंचा। उसने घर का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन नहीं खुला। छत पर किसी तरह चढ़कर वह भीतर पहुंचे, जहां पति-पत्नी को बेहोश पाए गए। इसकी जानकारी उसने दुकान के अन्य लोगों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीण व दुकान के कर्मियों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालात गंभीर होने पर दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, विजय बंगाली बनकटी कस्बे में किराए पर दुकान लेकर कई साल से मिठाई की दुकान करते हैं। बाजार से कुछ दूरी पर किराए के मकान में वह परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार की शाम दुकान सहयोगियों के भरोसे छोड़कर घर पर चले गए। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक दुकान पर नहीं पहुंचे तो उनके सहयोगी ममेरे भाई रानू उनका हाल लेने कमरे पर गए। दरवाजा बंद देखकर वह आवाज लगाने लगे, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर मकान मालिक व आसपास के लोगों को जानकारी दी।
इसके बाद सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर खिड़की के रास्ते से भी आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं आया तो वह कमरे में पहुंचे। देखा 35 वर्षीय विजय बंगाली और 30 वर्षीय उसकी पत्नी मंदिरा अचेतावस्था में बिस्तर पर पड़े हैं। जबकि तीन साल का बेटा विप्रो उनकी बगल में सो रहा था। ममेरे भाई ने दरवाजे की चाबी ढूंढ कर सामने का गेट खोला। इसके बाद दंपती को ग्रामीणों के सहयोग से जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत को गंभीर देख डाॅक्टरों ने दोपहर बाद मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
लालगंज के थानेदार जितेंद्र सिंह ने बताया मामला संज्ञान में नहीं आया है। क्या मामला है इसकी जानकारी ली जाएगी। एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि मामला अभी संज्ञान में नहीं है। थानेदार को मौके पर भेजा गया है। यह जानकारी मिली है कि उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा चुका है।