पहली दिसंबर को नगर निकाय चुनाव के होने वाली मतगणना के लिए सोमवार को केडीसी कॉलेज में कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में डीएम अरविंद कुमार सिंह और सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने मतगणना के तरीके बताए। कहा कि गणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। दोपहर दो बजे तक परिणाम आने की संभावना जताई गई।
नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 25 और वार्ड सदस्य के 25, नगर पंचायत बनकटी में अध्यक्ष पद के पांच वार्ड सदस्य के पांच, नगर पंचायत हर्रैया में अध्यक्ष के दो और सदस्य पद के दो, नगर पंचायत अध्यक्ष पद के तीन और सदस्य के तीन, नगर पंचायत रुधौली में अध्यक्ष पद के पांच एवं सदस्य के लिए पांच टेबल लगाई जाएंगी।
इस तरह नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत अध्यक्ष के 40 और सदस्य के लिए कुल 40 टेबल लगेगी। अध्यक्ष और सदस्यों के लिए कुल 80 टेबल होगी जिसमें नगर पालिका परिषद बस्ती एवं बनकटी नगर पंचायत की मतगणना किसान डिग्री कॉलेज बस्ती एवं नगर पंचायत हर्रैया और बभनान की मतगणना तहसील हर्रैया में एवं नगर पंचायत रुधौली की मतगणना तहसील रुधौली परिसर में होगी। इसमें कुल 403 मतगणना कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
बताया गया कि मतपत्रों को वार्डवार मिलाकर उसकी 50-50 की गड्डी बनाई जाएगी, उसके बाद गणना होगी। मतगणना कार्य में पांच कर्मचारी लगाए जाएंगे, जिसमें एक मतगणना पर्यवेक्षक, तीन मतगणना सहायक, एक अतिरिक्त मतगणना सहायक शामिल होंगे। इसके अलावा अन्य चुनाव अधिकारी एवं उनके सहयोग में अन्य सहायक भी लगाए जाएंगे। एडीएम भगवान शरण ने बताया कि मतगणना एजेंट बनाने के लिए क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी को निर्धारित प्रारूप प्राप्त कर 29 तक जमा कर दें। यह प्रारूप निर्वाचन कार्यालय/तहसील कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। अध्यक्ष पद के लिए निर्धारित टेबलों की संख्या के आधार पर मतगणना एजेंट तैनात होंगे तथा प्रत्येक वार्ड के सदस्य के लिए संबंधित प्रत्याशी का एक ही मतगणना एजेंट बनाया जाएगा। इससे संबंधित जानकारी सहायक निर्वाचन कार्यालय एवं अपने चुनाव अधिकारी से प्राप्त किया जा सकता है। इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चंद्र मोहन गर्ग सहित कई संबंधित अधिकारी/सहायक मौजूद रहे। मीडिया के लिए तीनों स्थानों से कवरेज की व्यवस्था बनाई गई है।