दुकान पर कपड़ों की खरीदारी करतीं महिला। संवाद
बस्ती। होली के बाद तापमान बढ़ने के साथ ही लोग गर्मी के कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है। पुरानी बस्ती से लेकर गांधीनगर, कंपनीबाग, कटरा सहित शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक के बाजार में गर्मी के कपड़ों से दुकानें सज गई हैं। खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। गर्मी के फैशन को देखते हुए दुकानों पर हल्के कपड़ों की भरमार है। हल्के, ढीले और हवादार कपड़े लोग अधिक पसंद कर रहे हैं। काॅटन, खादी, शिपॉन, चिनाॅन सिल्क का ट्रेंड है।
गांधीनगर स्थित कपड़ा व्यवसायी रॉकी ने बताया कि गर्मी में ग्राहकों के मांग के अनुसार कपड़े मंगाए गए हैं। डायन शोल्डर के टी शर्ट की खरीदारी ज्यादा हो रही है। यह टी शर्ट पांच सौ से लेकर एक हजार रुपये तक उपलब्ध है। बैगी और कारगो जींस एक हजार से लेकर तीन हजार रुपये तक बिक रहे हैं। साथ ही, काॅटन मिडिल, फारसी सल्वार, चिनाॅन सिल्क, खादी काॅटन के कपड़ों की खूब बिक्री हो रही है। पुरुषों को चिकन का कुर्ता अधिक भा रहा है। फारसी सलवार शूट युवतियों की पहली पसंद है। यह घर से लेकर बाहर आने-जाने में आरामदायक है। फारसी शूट एक हजार से लेकर दो हजार रुपये तक में उपलब्ध है।
रात में पहनने के लिए आरामदायक कपड़ों की भी लोग खरीदारी कर रहे हैं। युवकों को लोअर, टी शर्ट भा रहे हैं। वहीं बुजुर्गों को काॅटन के हल्के और चिकन के कुर्ते ज्यादा अच्छे लग रहे हैं। युवतियां और महिलाएं घर में पहनने के लिए कॉटन के कपड़ों में मैक्सी, प्लाजो और चिनाॅन सिल्क के ग्राउन को सबसे ज्यादा पसंद कर रही हैं।