मासूम समेत तीन और की रिपोर्ट आई कोरोना पॉजिटिव
बस्ती। बीआरडी मेडिकल कॉलेज से आई जांच रिपोर्ट में मंगलवार को मासूम समेत तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। तीनों पॉजिटिव में दो लोग दिल्ली से आए बताए जा रहे हैं। जबकि दस कोरोना पॉजिटिव की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 350 हो गई है। मंगलवार को पाए गए तीनों कोरोना पॉजिटिव में एक रुधौली तहसील के एक गांव निवासी महिला है। दूसरा भानपुर तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी 19 वर्षीय युवक है। दोनों कुछ दिनों पहले दिल्ली से आए हैं। वहीं हर्रैया तहसील अंतर्गत एक गांव में सात वर्षीय मासूम भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उसके चाचा भी पिछले दिनों दिल्ली से आए बताए जा रहे हैं। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि युवक को मुंडेरवा स्थित आइसोलेशन भेज दिया गया है। जबकि बच्ची और महिला को ओपेक कैली अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दस कोरोना पॉजिटिव मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जिले में 349 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 293 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 15 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वर्तमान में 41 केस एक्टिव हैं।