रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की फिर शुरू हुई जांच।
- फोटो : BASTI
कोरोना : मुंबई से आने वाले यात्रियों की रेलवे स्टेशन पर हुई जांच
बस्ती। मुंबई से आने वाली एलटीटी एक्सप्रेस के यात्रियों की कोविड-19 की जांच के लिए नमूने लिए गए। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य और प्रशासनिक टीम ने डेरा डाला था।
रेलवे स्टेशन पर एडीएम अभय कुमार मिश्र, एसडीएम सदर आशाराम वर्मा तथा स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में करीब पांच सौ यात्रियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। कोविड-19 के बढ़ते हुए केस के मद्देनजर आवश्यक सावधानी बरतते हुए मुंबई से आने वाले यात्रियों के नमूने लेकर कोविड-19 की जांच कराई जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी अधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
ट्रेन के यात्रियों की एंटीजन किट से जांच कराई जा रही है। कोविड-19 के लक्षण बुखार, खांसी, सर्दी जुकाम या अन्य लक्षण पाए जाने पर उनकी आरटी-पीसीआर जांच भी कराई जा रही है। डीएम सौम्या अग्रवाल ने बताया कि मुंबई और दिल्ली से आने वाली प्रत्येक ट्रेन के यात्रियों की जांच कराई जाएगी। इसके लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
कोविड-19 के बढ़ते हुए केस को देखकर आवश्यक सावधानी और सतर्कता बरती जा रही है। आमजन का आह्वान किया कि वे कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करें। मास्क नियमित रूप से लगाएं तथा दो गज की दूरी बनाए रखें। व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें। किसी प्रकार का लक्षण दिखाई देने पर तत्काल इसकी जांच कराएं।