कांटे से लौटते समय टेमा रहमत गांव के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज (बस्ती)। गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर टेमा रहमत के पास रविवार की देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ने एनएचएआई की पेट्रोलिंग गाड़ी को टक्कर मार दिया। उसका पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एनएचएआई के तीन कर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की सूचना पर एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम रविवार रात करीब 12 बजे कांटे गई थी। वहां से टीम रात करीब एक बजे बोलेरो से वापस आ रही थी। टीम टेमा रहमत गांव के पास पहुंची थी कि गोरखपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर ने एनएचएआई की गाड़ी में टक्कर मार दिया।
बोलेरो में सवार विपिन तिवारी निवासी रमवापुर तिवारी थाना छावनी, चंद्र देव तिवारी निवासी नरायनपुर तिवारी थाना हर्रैया, शिव शंकर निवासी पांडेय बाजार थाना कोतवाली घायल हो गए। सूचना पर टोल कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी अस्पताल ले गए। एनएचएआई के सेप्टी मैनेजर श्याम अवतार शर्मा ने बताया कि बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई। तीनों कर्मी खतरे से बाहर हैं।