बस्ती। यदि आपने किन्हीं कारणों से 31 मार्च के बाद से बिजली का बिल नहीं जमा किया है तो ऐसे उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। एक दिसंबर से सरकार की बिजली बिल राहत योजना-2025 लागू होने जा रही है। इसमें सर चार्ज (ब्याज) में सौ प्रतिशत और मूलधन में भी 25 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। पहली बार यह योजना लागू हुई है। इसके पहले केवल एक मुश्त समाधान योजना में केवल सर चार्ज में ही छूट मिल रही थी।
बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मध्यमवर्गीय घरेलू उपभोक्ताओं और लघु उद्यमियों को बकाया से मुक्ति दिलाने के लिए सर चार्ज में 100 प्रतिशत और मूलधन में भी 25 प्रतिशत का छूट दी जाएगी। तीन चरण में यह योजना चलाई जाएगी। एक से 31 दिसंबर तक पहला चरण और एक जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक दूसरा चरण और तीसरा चरण एक से 28 फरवरी तक चलेगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पहले पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद किश्त में बकाया धनराशि जमा करने का मौका भी मिलेगा। दो किलोवॉट तक के घरेलू उपभोक्ता को ही इस योजना का लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा एक किलोवॉट के कामर्शियल उपभोक्ताओं को छूट योजना में शामिल किया गया है। इससे अधिक किलोवॉट भार क्षमता वाले उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। हालांकि कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि इस योजना से शतप्रतिशत उपभोक्ताओं को बकाए में छूट का लाभ नहीं मिलेगा।
पिकौरा शिवगुलाम के सत्यव्रत पांडेय कहते हैं कि बिजली निगम के कर्मचारी दो से तीन महीने के बकाया पर कनेक्शन काट दे रहे हैं। ऐसे में मार्च 2025 के बाद बिजली बिल जमा न करने वाले कम उपभोक्ता ही मिलेंगे। इस अवधि में बिजली न कटने पाए इसलिए कुछ न कुछ धनराशि ज्यादातर लोग जमा ही कर दिए हैं। छूट शत प्रतिशत उपभोक्ताओं को मिलना चाहिए। वहीं जुड़ावन ने बताया कि उनके कनेक्शन पर लंबे समय से 50 हजार का बकाया है। कनेक्शन कट चुका है। अब वह योजना का लाभ लेकर बकाया जमा कर देंगे।
बिजली बिल राहत योजना एक दिसंबर से पूरे जोन में प्रारंभ हो गई है। खासकर यह मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं के लिए है। जिनका बिजली बिल बकाया मार्च के पहले से चल रहा है। उन्हें सर चार्ज में सौ प्रतिशत और मूलधन में भी 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस योजना का लाभ सभी पात्र ले सकते हैं।
विजय कुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, बस्ती।