कटरा खुर्द में निरीक्षण के दौरान अंत्येष्टि स्थल निर्माण की प्रगति जांचते डीपीआरओ घनश्याम सागर
बस्ती। पंचायतीराज विभाग की ओर से जिले में बनाए जा रहे अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण पिछड़ गया है। इसमें 16 ग्राम पंचायतों में निर्माण की गति कम मिलने पर ग्राम पंचायतों के सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं शनिवार को डीपीआरओ घनश्याम सागर सदर ब्लॉक के कटरा खुर्द गांव में निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण किया। कम की गति कम मिलने पर सचिव को अल्टीमेटम दिया।
डीपीआरओ ने बताया कि चालू सत्र में 16 अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रत्येक अंत्येष्टि स्थल की निर्माण लागत 24.46 लाख रुपये है। अंत्येष्टि स्थल निर्माण की समीक्षा के दौरान पाया गया कि ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल का कार्य मानक के अनुरूप नहीं हुआ है। ग्राम पंचायतों के सचिवों को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, डीपीआरओ ने बताया कि मार्च तक कार्य पूर्ण करना था, मगर अभी किसी भी अंत्येष्टि स्थल का निर्माण पूरा नहीं है। कटरा खुर्द में दोपहर में निरीक्षण करने पहुंचे डीपीआरओ ने कार्य प्रगति देखी। बताया गया कि 80 प्रतिशत कार्य हुआ है।
एक सप्ताह में सचिव अरविंद चौहान को शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। डीपीआरओ ने कहा कि इसके बाद अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। बताया कि सांऊघाट के महसिन, गौर के बलुआ चौबे, बनकटी में खमोखर, रामनगर में परसा खुर्द बुजुर्ग दरियापुर जंगल, दुबौलिया में देवारा गंगवरार, विक्रमजोत सौरी, मझाकिताअव्वल, सल्टौआ में पुरैना, रुधाौली में बिजलपुर, परशुरामपुर में धर्मपुर, कप्तानगंज में परिवारपुर, बहादुरपुर में नगहरा, बस्ती सदर में कटरा खुर्द व परसाजागिर, हर्रैया के पीतपुर व कुदरहा के गौरा रोहरी में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण चल रहा है। अभी कहीं भी पूर्ण नहीं हुआ है।