बस्ती। जिले में उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा शनिवार को 17 केंद्रों पर शुरू कराई गई। कड़े पहरे के बीच दाे पालियों में यह परीक्षा हुई है। पहले दिन 2403 अभ्यर्थी अनुपस्थित हो गए। केवल 9693 अभ्यर्थी ही परीक्षा में उपस्थित हुए। यह परीक्षा सीसीटीवी कैमरे के निगरानी कराई गई। डीएम-एसपी समेत अन्य आला अफसरों ने परीक्षा केंद्रों का दिन भ्रमण किया।
पहली पॉली की परीक्षा सुबह दस से 12 बजे तक कराई गई। आठ बजे से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी आना शुरू हो गए। शहर के एपीएन पीजी कॉलेज, जीआरएस इंटर कॉलेज, केडीसी, केआईसी, बेगम खैर, खैर इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज, महिला महाविद्यालय, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण पांडेय गर्ल्स इंटर कॉलेज के अलावा हंसराज लाल इंटर कॉलेज गनेशपुर, किसान इंटर कॉलेज मरहा, कटया, कृषक इंटर कॉलेज बेलाड़ी, शिवमोहर नाथ पांडेय इंटर कॉलेज नगर बाजार, इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज कप्तानगंज, गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुंडेरवा के सामने वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
शहर में अधिक केंद्र होने के नाते चहल-पहल बढ़ी रही। सुबह की पॉली में आवंटित 6048 में 4803 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। जबकि 1245 अभ्यर्थी अनुपस्थित हो गए।
वहीं द्वितीय पॉली की परीक्षा दिन में तीन से पांच बजे तक कराई गई। इसमें 6048 में से 4890 उपस्थित हुए हैं। जबकि 1158 लोग अनुपस्थित हो गए। परीक्षा खत्म होने के बाद रोडवेज, रेलवे स्टेशन पर भी अभ्यर्थियों की भीड़ देखी गई।