हर्रैया तहसील में चल रहा मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य संवाद
बस्ती। जिले की चारों तहसीलों में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनाए जाने हैं। हर्रैया और रुधौली तहसील में विद्यालयों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। भानपुर में भूमि चिह्नित कर मिट्टी की जांच कराई जा रही है, जबकि सदर तहसील में अभी भूमि की तलाश पूरी नहीं हो सकी है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने तहसील प्रशासन के सहयोग से हर्रैया और रुधौली में विद्यालय निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर ली थी। इसके बाद दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। कार्यदायी संस्था को बजट भी आवंटित किया जा चुका है। भानपुर तहसील में भूमि चिह्नित होने के बाद अब मिट्टी की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। वहीं सदर तहसील में उपयुक्त भूमि की तलाश जारी है।
प्रत्येक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चार मंजिला भवन में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था होगी। विद्यालय में 30 शिक्षण कक्ष, स्मार्ट क्लास, विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाएं और डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। विद्यार्थियों को रोबोटिक्स समेत तकनीकी गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
विद्यालय परिसर में खेल मैदान, ओपन जिम और मल्टीपल एक्टिविटी हॉल की सुविधा होगी। इसके अलावा सोलर पैनल और वर्षा जल संचयन इकाई भी स्थापित की जाएगी। मिड-डे मील के संचालन के लिए कैटर की व्यवस्था होगी। विद्यालयों में फर्नीचर, लाइटिंग और साज-सज्जा पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कोट
हर्रैया और रुधौली में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। भानपुर में भूमि चिह्नित कर ली गई है और मिट्टी की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद वहां भी जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा। सदर तहसील में भूमि की तलाश की जा रही है।
-अनूप कुमार, बीएसए