बस्ती। अटल प्रेक्षागृह में कांग्रेस पार्टी की तरफ से प्रदेश स्तरीय संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत तमाम दिग्गज कांग्रेसियों ने हिस्सा लिया। प्रदेश एवं केंद्र की भाजपा सरकार पर कांग्रेसी जमकर बरसे। कांग्रेसियों ने आतंकवाद और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
सोमवार को बस्ती से कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली का आगाज करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पूरे देश में संविधान को खतरा है। भाजपा शासन में कानून का राज खत्म हो गया है। प्रदेश और देश में आए दिन हिंसक घटनाएं हो रही हैं। समाज में विघटन का जहर घोला जा रहा है।
पुलवामा के बाद पहलगाम की आतंकी घटना से पूरा देश मर्माहत है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार को पूर्ण समर्थन दिया है। केंद्र सरकार को आतंकवाद के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
कहा कि संविधान बचाने की लड़ाई कांग्रेस की व्यक्तिगत नहीं है। यह उन हिंदुस्तानियों की लड़ाई है, जो संविधान की मूल आत्मा को बचाए रखना चाहते हैं।
लेकिन, भाजपा देश का संविधान ही बदलने के लिए तत्पर है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कार्यकर्ताओं का उत्साह और भीड़ देख पार्टी के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी की हौसलाअफजाई की। कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है। कार्यकर्ता कांग्रेस के संदेश को लेकर गांव-गांव पहुंचे। सरकार की नाकामियों से जनता को अवगत कराया जाए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहब के बनाए हुए संविधान को समाप्त करने का षड्यंत्र रच रही है। लेकिन, कांग्रेस के सिपाही इसे सफल नहीं होने देंगे। हम लोग गांव- गांव जाकर आमजन को भारतीय संविधान की रक्षा के लिए जागरूक करेंगे। सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी। देश के विकास में कांग्रेस का सर्वाधिक योगदान है। मोदी सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने की जगह कांग्रेस को समाप्त करने की बात करती है। कांग्रेस एक विचारधारा है। जन सहयोग से कांग्रेस फिर से जीत हासिल करेगी। पूर्व सांसद प्रत्याशी बसंत चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की मूल अवधारणा ही भारतीय संविधान की रक्षा है।
बाबा साहब के बनाए हुए संविधान में गरीब, वंचित, शोषित सभी का अधिकार सुरक्षित है। कांग्रेस ने जब भी सत्ता संभाली संविधान के अनुरूप कार्य करके आमजन को सुख पहुंचाया है। उन्होंने आगंतुकों के प्रति आभार जताया। जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के शीर्ष नेताओं का स्वागत हुआ।
कार्यक्रम को वरिष्ठ कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, सत्यनारायण पटेल, केशव यादव, जयकरन वर्मा, पूर्व विधायक अंबिका सिंह आदि ने भी संबोधित किया गया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप पांडेय, ज्ञानेंद्र पांडेय ज्ञानू, पूर्व विधायक राम जियावन आदि मौजूद रहे।