टिनिच। भानपुर तहसील क्षेत्र के अजगैवा जंगल ग्राम पंचायत में चल रहे अवैध खनन को चकबंदी विभाग ने रोकवा दिया।
रविवार को सहायक चकबंदी अधिकारी कार्यालय हर्रैया सर्किल के राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार मिश्र, लेखपाल सुभाष यादव व पेशकार शशांक मिश्र गांव में पहुंचकर निर्विवाद वरासत के लिए मिले प्रार्थनापत्रों की जांच की। गांव के लोगों ने कर्मचारियों से जोत में बिना अनुमति मिट्टी खनन कराने की शिकायत की। गांव के तिनहरी पुरवे पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक ने जेसीबी चालक से खनन की अनुमति के बारे में पूछा।
राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्र ने बताया कि गांव में चकबंदी प्रक्रिया लागू है। धारा चार का प्रकाशन होने के बाद बिना अनुमति के घर बनाना, गहरी खोदाई या पौधरोपण नहीं किया जा सकता है। इससे जमीन की नवैयत बदल जाती है और चकबंदी प्रभावित होती है। ऐसे में खनन को रोक दिया गया। चेतावनी दी यदि पुन: खनन करते कोई मिलता है तो कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिध चंद्र शेखर चौधरी, राकेश लाल श्रीवास्तव, अर्जुन आदि मौजूद रहे। संवाद