पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की कीमतों में हुई बेतहाशा वृद्धि से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। सभी कार्यकर्ता नेताजी सुभाष चौक पर एकत्र हुए और विरोध स्वरूप बाइकों को पैदल लेकर कंपनी बाग चौराहे पर पहुंचे। वहां केन्द्र सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला जलाया।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने कहा कि लोगोें ने अच्छे दिनों के लिये नरेंद्र मोदी को सत्ता सौंपी थी, किंतु इससे अच्छे तो पुराने दिन थे। पेट्रोल 2.58 और डीजल 2.26 रुपये प्रति लीटर, रसोई गैस में 21 रुपया प्रति सिलेंडर मंहगा कर देने से महंगाई और बढ़ेगी। कहा कि दाल पहले से ही आम आदमी की थाली से दूर है, प्याज से किसानों की कमर टूट गई है। आधा देश भीषण सूखे की चपेट में हैं, ऐसे में मोदी सरकार आखिर किस बात का जश्न मना रही है। कहा कि जनता को अब पछतावा हो रहा है। जनता इस बार कोई गलती करने को तैयार नही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंकते समय युवा कांग्रेस नेता ‘अच्छे दिन कहा गये’ छप्पन इंच का कैसा सीना, मुश्किल हो गया सबका जीना’ आदि नारे लगा रहे थे। इस मौके पर सचिन शुक्ल, अभिषेक, पवन मिश्रा, अर्जुन कन्नौजिया, सुनील शुक्ल, पवन वर्मा, सन्तोष भारद्वाज, संजय पाण्डेय, श्रीचन्द्र, पवन अग्रहरि, सूरज गुप्ता, विक्रम चौहान, राजेश यादव, रंजीत चौहान, आशीष श्रीवास्तव, सूरज भारद्वाज, शिवम राज चौहान, आदर्श पाठक, शुभम श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, आकाश आर्या, विवेक चौधरी, मो. जलील, सूरज सोनकर, मन्टू पाण्डेय, अखिलेश आदि मौजूद रहे।