- जरुरतमंदों के आधार अपडेट न होने के कारण योजनाओं में लाभ से वंचित
संवाद न्यूज एजेंसी
सल्टौआ। क्षेत्र के उप डाकघर में तकनीकी खराबी के चलते 15 दिनों से नया आधार कार्ड बनाने व पुराने में संशोधन का काम बाधित है। इस समय बच्चों के नामांकन, राशनकार्ड में ई-केवाईसी, पेंशन केवाईसी आदि का काम चल रहा है। सभी में अपडेटेड आधार कार्ड मांगा जा रहा है। ऐसे समय में आधार से संबंधित काम बंद होने के कारण जरुरतमंदों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को डाकघर पहुंचीं बेलहसा निवासी पांच वर्षीय अयान की मां ने बताया कि हफ्तेभर में तीन बार आ चुके हैं। लेकिन अभी तक आधार कार्ड नहीं बन पाया है। बताया जा रहा है कि कंप्यूटर खराब है। एकडेंगवा के रितेश ने बताया कि बचपन में आधार बना था अब बायोमेट्रिक अपडेट होना है लेकिन नहीं हो पा रहा है। उप डाकपाल संतोष प्रकाश भारती ने बताया कंप्यूटर का साॅफ्टवेयर खराब हो गया है। उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई है।