बस्ती। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा होने जा रहा है। यहां कंपोनेंट सेपरेटर मशीन लगेगी। इससे मरीजों को सहूलियत मिलेगी। मरीजों को प्लेटलेट्स व प्लाज्मा के लिए कैली या फिर गोरखपुर व निजी अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अस्पताल में भर्ती मरीजों को केवल डोनर के आधार पर यह सुविधा निशुल्क मिलेगी।
जिला अस्पताल में कंपोनेंट सेपरेटर मशीन स्थापित कर सुविधा शुरू होने का इंतजार कर रहे मरीजों को सौगात मिलने वाली है। यहां से मशीन के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, हालांकि अभी मशीन नहीं आई है, इससे कर्मचारियों की ट्रेनिंग भी नहीं हो पा रही है। बताया गया कि मशीन के आने से मरीजों को प्लेटलेट्स, प्लाज्मा, पीआरवीसी की जरूरत पड़ने पर यहीं उपलब्धता रहेगी। डोनर लाने पर मरीज को यह सुविधा निशुल्क मिलेगी। वहीं, प्राइवेट अस्पताल में भर्ती मरीजों को कुछ सरकारी फीस अदा करनी होगी। मशीन शुरू होने से डेंगू के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, जिला महिला अस्पताल की गर्भवती महिलाओं को भी इसके लिए इधर-उधर दौड़ना नहीं पड़ेगा। आसानी से प्लेटलेट्स मिल सकेगा। बताया कि जिला अस्पताल का पुरान ब्लड बैंक होने के नाते यहां मरीज अधिक आते हैं। मशीन लग जाने से काफी सहूलियत होगी।
प्राइवेट के लिए यह होगा शुल्क : यदि मरीज प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है और उसे पीआरबीसी की जरूरत पड़ती है तो 1050 रुपये शुल्क लगेगा। इसी तरह यदि प्लेटलेट्स व प्लाज्मा की जरूरत पड़ती है तो 300 रुपये फीस लगेगी।