बस्ती। बाढ़ कटान से सुरक्षा के लिए चल रही परियोजनाओं और बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर हर्रैया तहसील के घाघरा नदी पर निर्मित गौरा-सैफाबाद, चांदपुर-गौरा, उमरिया रिंग बांध, कटरिया-चांदपुर तटबंध का निरीक्षण बुधवार को डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने किया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता बाढ़ दिनेश कुमार ने बताया कि उमरिया रिंग बांध और उसकी परिधि में बसे 12 ग्रामों की सुरक्षा के लिए दो स्पर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसकी प्रगति लगभग 50 प्रतिशत है। इस परियोजना का कार्य जून में पूर्ण करा लिया जाएगा।
डीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि तटबंध के लिए जो भी आवश्यक कार्य है उसे बरसात से पूर्व पूर्ण करा लिया जाए। जिससे इन गांवों और बांध की सुरक्षा की जा सके। डीएम ने गौरा-सैफाबाद तटबंध के किमी 04.400 से 4.700 के मध्य ग्राम मौजपुर की सुरक्षा के लिए चार डैम्पनर के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इसमें तीन डैम्पनर का निर्माण पूर्ण करा लिया गया है। निरीक्षण के दौरान कटरिया-चांदपुर तटबंध के किमी 04.500 पर स्थित बाढ़ चौकी एवं स्टोर का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।