विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मस्जिद में हो रहे निर्माण की शिकायत के बाद एसडीएम हर्रैया उमाकांत तिवारी शनिवार को जांच करने पहुंचे। उनके साथ राजस्व टीम और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे। विक्रमजोत कस्बे के समीप हाईवे के किनारे शंकरपुर मस्जिद लगभग 40 साल पहले की बताई जा रही है। यह काफी जर्जर और जीर्ण-शीर्ण हो गई थी। एक माह से इसका निर्माण कार्य किया जा रहा है। बजरंग दल के एक नेता ने डीएम और एसपी से सरकारी जमीन पर निर्माण की शिकायत की थी।
एसडीएम ने हाईवे पर चलने वाले यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत निर्माणाधीन हिस्से को तिरपाल से ढकने का निर्देश दिया। उन्होंने जमीन से संबंधित प्रपत्रों की भी जांच की है। विक्रमजोत चौकी प्रभारी शशि शेखर सिंह ने बताया कि एसडीएम के नेतृत्व में मस्जिद निर्माण की जांच की गई है। मामले में उच्चाधिकारी जैसा निर्देश देंगे उसका पालन कराया जाएगा। संवाद