गौर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत हलुआ गांव में चल रहे लंबे समय से रास्ते विवाद को मंगलवार को एसडीएम हर्रैया उमाकांत तिवारी के नेतृत्व में राजस्व टीम और गौर थाने की पुलिस की मौजूदगी में वर्षों से चले आ रहे विवाद को मात्र 15 मिनट में निस्तारण कर मामले को सुलझा दिया। दोनों पक्षों के लोगों ने विवाद के खत्म होने के बाद खुशी व्यक्त की।
हलुआ गांव के गंगाराम वर्मा ने रास्ता विवाद को लेकर 116 बार आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत दर्ज कराया था, लेकिन मामले का निस्तारण नहीं हो रहा था। तब राजस्व विभाग के निर्देश पर कुछ दिन पहले प्रधान ने विवादित रास्ते का साफ-सफाई कराकर मिट्टी गिराकर क्लियर करा दिया। लेकिन शिकायतकर्ता गंगाराम ने दोबारा शिकायत किया कि रास्ते पर खड़ंजा लगाने के साथ ही उसे राजस्व नक्शे में तरमिन किया जाए।
इस पर लगातार हो रहे आईजीआरएस शिकायत को एसडीएम हर्रैया उमाकांत तिवारी ने प्रकरण को गंभीरता लेते हुए हल्का लेखपाल, राजस्व निरीक्षक व गौर थाने के उपनिरीक्षक रेवती रमण यादव की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर वहीं पर प्रकरण का निस्तारण कराया।