पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के एक्सईएन ने किया मौका मुआयना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बनकटी क्षेत्र के माधवपुर संपर्क मार्ग से मेहनौना गांव तक हो रहे पिच सड़क का मरम्मत की शिकायत पर बृहस्पतिवार को एक्सईएन पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड अवधेश कुमार मौके पर जांच की। उन्होंने सड़क की जांच के बाद ठेकेदार को फिर से निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की संस्तुति भी की।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की माधवपुर संपर्क मार्ग निर्माण के लिए करीब 60 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। धन आने के बाद इस कार्य को ठेकेेदार ने कराना शुरू किया। दो स्तर पर कार्य ठीक हुआ, मगर पिंचिंग स्तर पर कार्य की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई। नतीजतन सड़क निर्माण के दस दिन बाद से ही उखड़ गई। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने विभागीय अभियंता से की।
इसके बाद जांच के निर्देश के बीच बृहस्पतिवार को खुद एक्सईएन तकनीकी टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। यहां सड़क की गुणवत्ता जांची। एक्सईएन अवधेश कुमार ने बताया कि मौके पर जांच में यह तथ्य उजागर हुआ है कि यह सड़क गुणवत्ता विहीन है। इसके दो स्तर पर कार्य ठीक हुआ है, मगर ऊपरी सतह का कार्य ठीक नहीं है। ऐसे में इसके पुनर्निर्माण के निर्देश दिए गए हैं। ठेकेदार पर कार्रवाई के लिए संस्तुति दी गई है।